मुख्य विकास अधिकारी महोदय की अध्यक्षता में नैनीताल ग्रामीण विकास निधि के अंतर्गत संचालित परियोजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित हुई।
नैनीताल : जनपद नैनीताल में ग्रामीण अवसंरचना विकास निधि के अंतर्गत संचालित परियोजनाओं की समीक्षा बैठक सोमवार को विकास भवन सभागार भीमताल में मुख्य विकास अधिकारी महोदय की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई।
बैठक में नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक मुकेश बेलवाल जी द्वारा विभिन्न विभागों के अंतर्गत संचालित परियोजनाओं की विस्तृत प्रगति से अवगत कराया गया। बैठक में लगभग 12 विभागों के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया। दिनांक 31 मार्च 2026 की स्थिति के अनुसार जनपद में कुल 117 परियोजनाएँ विभिन्न विभागों के माध्यम से संचालित हैं, जिनकी कुल परियोजना लागत ₹441.01 करोड़ है तथा नाबार्ड द्वारा ₹396.95 करोड़ की ऋण सहायता प्रदान की गई है। विभागवार समीक्षा के दौरान अवगत कराया गया कि लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत 37 परियोजनाओं हेतु ₹119.74 करोड़, सिंचाई विभाग के अंतर्गत 27 परियोजनाओं हेतु ₹71.29 करोड़, नलकूप विभाग के अंतर्गत 12 परियोजनाओं हेतु ₹29.96 करोड़, लघु सिंचाई विभाग के अंतर्गत 13 परियोजनाओं हेतु ₹14.69 करोड़, उद्यान विभाग के अंतर्गत 3 परियोजनाओं हेतु ₹27.20 करोड़, दुग्ध विकास विभाग के अंतर्गत 2 परियोजनाओं हेतु ₹79.85 करोड़, तकनीकी शिक्षा विभाग के अंतर्गत 7 परियोजनाओं हेतु ₹20.55 करोड़, पेयजल निगम के अंतर्गत 5 परियोजनाओं हेतु ₹10.76 करोड़, ग्रामीण सड़क एवं जल निकासी के अंतर्गत 2 परियोजनाओं हेतु ₹5.60 करोड़, कौशल विकास एवं रोजगार के अंतर्गत 3 परियोजनाओं हेतु ₹14.17 करोड़, शिक्षा विभाग के अंतर्गत 2 परियोजनाओं हेतु ₹1.07 करोड़, जल संस्थान के अंतर्गत 1 परियोजना हेतु ₹0.37 करोड़ तथा पशुपालन विभाग के अंतर्गत 3 परियोजनाओं हेतु ₹1.70 करोड़ की सहायता उपलब्ध कराई गई है।
बैठक में परियोजनाओं की वर्तमान प्रगति, धीमी गति से चल रही परियोजनाओं, पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं की पूर्णता रिपोर्ट की स्थिति तथा सामाजिक अनुश्रवण आदि बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी महोदय द्वारा सभी विभागों को निर्देशित किया गया कि स्वीकृत परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में अपेक्षित लाभ शीघ्र प्राप्त हो सके।

