दिल्ली पानी संकट : (नेशनल दर्पण) दिल्ली के लिए पानी की मांग को लेकर जल मंत्री आतिशी ने शुक्रवार को जंगपुरा के भोगल में अनिश्चितकालीन अनशन शुरू कर दिया है। अनशन शुरू करने से पहले आतिशी ने राजघाट पर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस दौरान उनके साथ सुनीता केजरीवाल, संजय सिंह, सौरभ भारद्वाज समेत कई पार्टी के नेता मौजूद रहे। इस दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा पर दिल्लीवालों से दुश्मनी निभा रही है। पत्नी सुनीता केजरीवाल के हाथ भेजे पत्र में सीएम ने लिखा कि दिल्ली के लोगों की प्यास पड़ोसी राज्यों से मिलने वाले पानी से बुझती है। गर्मी में पानी की ज्यादा जरूरत पड़ती है, इसलिए दिल्ली को उम्मीद थी कि इस मुश्किल के वक्त पड़ोसी राज्यों का और ज्यादा सहारा मिलेगा।

मुश्किल की इस घड़ी में साथ देने की बजाय हरियाणा सरकार ने दिल्ली को रोजाना मिलने वाला पानी भी कम कर दिया। इससे दिल्ली के लोग प्यासे मर रहे हैं। माना कि दिल्ली और हरियाणा में अलग-अलग पार्टियों की सरकार है, मगर क्या यह वक्त राजनीति करने का है। अगर किसी राज्य में भूकंप और बाढ़ आती है तो हम यह नहीं देखते कि किस पार्टी की सरकार है। पूरा देश पीड़ितों को राहत देने में लग जाता है। लेकिन हरियाणा सरकार के लिए यह कोई मायने नहीं रखता है। ऐसे मौके पर एक इंसान को दूसरे की मदद करनी चाहिए। इससे हम समस्या को कम कर सकते हैं।

सांसद संजय सिंह ने कहा कि बीते दिनों भाजपा के पूर्व सांसद रमेश बिधूड़ी की ओर से किए गए विरोध प्रदर्शन पर कहा कि भाजपा ने अपने लोगों को कह दिया कि दिल्ली के लोगों का पानी रोको, पाइप लाइन तोड़ दो, जल बोर्ड के कार्यालयों को तोड़ दो, यह भाजपा का फरमान है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के पूर्व सांसद गले में पटका, हाथ में मटका लेकर कर्मचारियों को मार रहे हैं, जलबोर्ड का दफ्तर तोड़ रहे हैं। दिल्ली में जब अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप आए तो उनकी पत्नी ने दिल्ली के स्कूल को जाकर देखा। भाजपा ने झूठे आरोप लगाकर पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया को जेल में डाल दिया।

बापू की समाधि पर श्रद्धासुमन अर्पित किया, 

अनशन शुरू करने से पहले दिल्ली की जलमंत्री आतिशी महात्मा गांधी के समाधि स्थल पर पहुंचीं और बापू को श्रद्धासुमन अर्पित किए। उनके साथ मुख्यमंत्री की पत्नी सुनीता केजरीवाल, राज्यसभा सांसद संजय सिंह समेत पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता भी पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि बापू के बताए सत्याग्रह के रास्ते पर चलने से पहले उनके चरणों में श्रद्धाजंलि अर्पित करना जरूरी है। उन्होंने अनशन के मंच पर बापू की तस्वीर रखी और माल्यापर्ण किया।

 अनशन के दौरान सुनीता केजरीवाल ने मंच पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का संदेश को पढ़कर सुनाया। उन्होंने कहा कि आपके मुख्यमंत्री को जेल में रहते हुए भी आपकी चिंता है। उन्होंने कहा कि जब वह जेल में टीवी पर दिल्ली में पानी के संकट की खबरों को देखते हैं तो उन्हें पीड़ा होती है। शायद इतनी गर्मी दिल्ली में 100 साल में पहली बार पड़ी है। पूरी विनम्रता के साथ हरियाणा सरकार से अपील करने के लिए कैबिनेट की साथी आतिशी अनशन कर रहीं हैं। यह कठोर तपस्या है। उम्मीद है आतिशी की तपस्या सफल होगी और दिल्ली के लोगों को राहत मिलेगी।

 जनता के हितों को किया जा रहा नजरअंदाज, 

आप के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि दिल्ली वालों से ऐसी क्या गलती हो गई है जो भाजपा उनसे दुश्मनी निभा रही है। लोकसभा चुनाव में लोगों ने उन्हें सात सांसद चुनकर दिए, इसके बावजूद जनता की आवाज को नजरअंदाज किया जा रहा है,  उन्होंने कहा कि भाजपा वालों के पास मंगलसूत्र, मुजरा जैसे मुद्दों के लिए तो समय है, लेकिन दिल्ली के लोगों को पानी दिलाने के लिए समय नहीं है। उन्होंने कहा कि गर्मी में लोग पशु-पक्षियों के लिए भी लोग छत पर या घर के बाहर पानी रख देते हैं। लोग प्याऊ चलाते हैं, लेकिन भाजपा के लोगों और सरकार के अंदर इतनी क्रूरता है कि दिल्ली के लोगों को एक-एक बूंद पानी के लिए तरसा रहे हैं।

 राजघाट पर श्रद्धांजलि देने से रोकने की कोशिश, 

अनशन पर बैठने से पहले दिल्ली सरकार की जल मंत्री सीएम आवास पर पहुंचीं, जहां से फिर सुनीता केजरीवाल, राज्यसभा सदस्य संजय सिंह, मंत्री सौरभ भारद्वाज और अन्य नेताओं के साथ राजघाट के लिए निकली। राजघाट पहुंचने पर पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि उन्हें महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देने से रोका जा रहा है। सौरभ भारद्वाज ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट किया कि केंद्र सरकार की तानाशाही देखिए, आज बापू से आशीर्वाद लेने के लिए राजघाट पर जाने से भी रोका जा रहा है। हालांकि कुछ समय के बाद पुलिस ने कुछ लोगों को राजघाट के अंदर जाने की इजाजत दी, लेकिन कार्यकर्ताओं को रोक लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Discover more from नेशनल दर्पण

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading