हरिद्वार : हरिद्वार- रूड़की विकास प्राधिकरण टीम के द्वारा अवैध निर्माण के विरुद्ध सख्त रुख अपनाते हुए हरिद्वार के रोशनाबाद और रुड़की क्षेत्र में चल रहे दो व्यवसायिक निर्माणों को सील कर दिया है।
आपको बतातें चले कि एचआरडीए कार्यालय में लगातार मिल रही शिकायतों का संज्ञान लेते हुए मौके पर जाकर स्थल निरीक्षण के बाद सीलिंग की कार्रवाई को अंजाम दिया। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया कि बिना मानचित्र स्वीकृति के किसी भी प्रकार का निर्माण पूर्णतः अवैध है और ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
एचआरडीए के लगातार निर्देशों की अवहेलना और बिना मानचित्र स्वीकृति के निर्माण जारी रखने पर प्राधिकरण ने अधिनियम की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत दोनों मामलों में वाद योजित किया। इसके साथ ही मौके पर पहुंची प्राधिकरण की टीम ने अवैध रूप से चल रहे निर्माण कार्य को सील कर दिया।
सीलिंग की कार्रवाई के दौरान मौके पर उपस्थित अनाधिकृत निर्माणकर्ताओं को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि जब तक विधिवत रूप से मानचित्र स्वीकृत न हो जाए, तब तक किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य न किया जाए। साथ ही यह भी चेतावनी दी गई कि प्राधिकरण द्वारा लगाई गई सील से छेड़छाड़ करने पर और अधिक कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

