रुड़की तहसील में विजिलेंस टीम की बड़ी कार्रवाई, चकबंदी कानूनगो रिश्वत लेते किए गिरफ्तार।
आपको बताते चलें कि देहरादून से आई विजिलेंस की टीम ने आज रुड़की तहसील में बड़ी कार्रवाई करते हुए चकबंदी के कानूनगो कृष्ण पाल सिंह को ₹2000 की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई से तहसील परिसर में हड़कंप मच गया।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार विजिलेंस टीम को लंबे समय से कानूनगो के खिलाफ शिकायतें मिल रही थीं। आज जैसे ही उन्होंने रिश्वत की रकम ली, विजिलेंस टीम ने तुरंत दबिश देकर उन्हें रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद विजिलेंस अधिकारी कानूनगो कृष्ण पाल सिंह को एक बंद कमरे में ले गए, जहां उनसे गहन पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
विजिलेंस की इस कार्रवाई से तहसील के अन्य कर्मचारियों में भी हड़कंप मचा हुआ है और घूसखोरी के अन्य मामलों की परतें खुलने की संभावना जताई जा रही है।
